– समाज में उत्कृष्ट कार्यों के लिए तीन विशिष्ट सम्मान से सम्मानित
झांसी। लोकसभा चुनावों के समीप आते ही राजनैतिक दलों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठन भी अपनी ताकत दिखाते हुए अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए जोर आजमाईश कर ताकत का एहसास करा रहे हैं। पिछले दिनों सेन समाज इस तरह का सम्मेलन आयोजित कर चुका है और अब ब्राह्मण समाज ने भी हुंकार भरी है। भले ही इसे राष्ट्रीय ब्राह्मण उन्नयन परिषद के तत्वावधान में मिथिला गार्डन में राष्ट्र निर्माण में बुद्धिजीवियों की भूमिका विषय पर संगोष्ठी का रूप दिया गया था, किन्तु नेताओं ने समाज के लोगों से एकजुट होने के साथ ही सत्ताधारी दल भाजपा से लोकसभा सीट पर फि र से ब्राह्मण समाज का प्रत्याशी उतारने की मांग करते हुए नाम भी घोषित कर दिया।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि पूर्व डीजीपी डॉ सूर्य प्रकाश शुक्ला ने समाज को आपस में वैमनस्य नहीं रखने व व्यसनों से दूर रहने की शपथ ग्रहण करवाई। इस दौरान विविध क्षेत्रों में तीन सम्मान दिए गए। इनमें पहला ब्राह्मण समाज के रक्षार्थ खड़े रहने के लिए परशुराम सम्मान बृजेश पाठक को दूसरा सम्मान ब्राह्मण समाज की आर्थिक मदद करने के लिए अनुराग शर्मा वैद्यनाथ को, तीसरा सम्मान चाणक्य प्रतिभा सम्मान अंकित अर्जरिया को संघ लोक सेवा आयोग से असिस्टेंट ‘वाइंट डायरेक्टर गृह मंत्रालय में चयनित होने पर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला धर्माचार्य महंत विष्णु दत्त स्वामी, महानगर धर्माचार्य हरिओम पाठक, धर्माचार्य विश्व हिंदू परिषद मोहिनी बिहारी दास महाराज, महंत परशुराम मंदिर परशुराम, महंत आनंद शास्त्री, बगैरा गोल पीठ आश्रम के महंत विनोद चतुर्वेदी, चौका छोरा गौ सेवक गौ महंत दयाशंकर कौशिक, अखिलेश त्रिपाठी, आरके सहारिया सहित उपस्थित जनसमूह ने एकस्वर से चिंतन मंथन कर एक राजनीतिक मांग रखी। इसमें ब्राह्मण समाज को लोकसभा का टिकट दिए जाने की मांग की गई। इसके लिए मंचासीन महंतों ने एक स्वर में प्रत्याशी के रूप में वंदना पाठक का नाम लिया। इस नाम को उपस्थित समस्त ब्रह्म समाज ने अनुमोदित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मनोज शर्मा, मनोज मिश्रा, दीपक त्रिपाठी, विवेक गोस्वामी, संजय नायक, विनोद पांडे आदि उपस्थित रहे। संचालन कार्यक्रम संयोजक अंचल अरजरिया ने व आभार सुनील मिश्रा ने व्यक्त किया।