महाकौशल एक्सप्रेस के पेट्रीकार मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार
झांसी। महाकौशल एक्सप्रेस की पेंट्रीकार से बेची जा रही नशीली सामग्री की धरपकड़ करना जीआरपी ट्रेन स्क्वायड को महंगा पड़ गया। पेंट्रीकार मैनेजर व उसके साथियों ने दबंगई दिखाते हुए स्क्वाएड पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी झांसी ने ट्रेन के पेंट्रीकार मैनेजर समेत तीन लोगों को पकड़ कर नीचे उतार लिया। इस मामले में पेंट्रीकार के मैनेजर समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस घटना को लेकर जीआरपी स्टॉफ में काफी आक्रोश व्याप्त है।
दरअसल, जबलपुर से चल कर झांसी की ओर आ रही महाकौशल एक्सप्रेस में बांदा से झांसी की ओर जीआरपी स्क्वाएड कर रहा था। स्क्वाएड में हेड कांस्टेबल बाबूलाल और कांस्टेबल प्रभाकर चौधरी तैनात थे। बताया गया है कि जैसे ही ट्रेन कर्वी से झांसी की ओर रवाना हुई, तभी एक रेलयात्री ने ट्रेन में चल रहे जीआरपी स्क्वाएड को सूचना दी कि पेंट्रीकार में कुछ युवक नशीली सामग्री लिए मौजूद हैं। इस सूचना पर जीआरपी स्क्वाएड पेंट्रीकार में घुस गया। इस पर स्क्वाएड ने अवैध सामग्री लिए युवक को दबोच लिया।
इसका विरोध करते हुए पकड़े गए युवक को छुड़ाने के लिए पेंट्रीकार मैनेजर ने अपने साथियों के साथ मिलकर जीआरपी स्क्वाएड पर हमला कपड़े तक फाड़ दिए। इसकी सूचना जीआरपी स्क्वाएड ने झांसी जीआरपी स्टॉफ को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी का स्टॉफ प्लेटफार्म पर पहुंचा। जैसे ही ट्रेन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर रुकी तो पेंट्रीकार के मैनेजर समेत तीन लोगों को पकड़ कर नीचे उतार लिया।
रेलयात्रियों ने बताया कि पेंट्रीकार का मैनेजर कई रेलयात्रियों से सुविधा शुल्क लेकर कोच में बैठा कर दिल्ली ले जा रहा था। इनमें कुछ वह युवक भी थे, जो अवैध सामग्री बेच रहे थे। वह युवक झांसी रेलवे स्टेशन के पहले दूसरे रेलवे स्टेशन पर उतर गए थे। पकड़े गए पेंट्रीकार मैनेजर समेत तीनों को जीआरपी थाना लाया गया।
इस मामले में हेड कांस्टेबल बाबूलाल ने जीआरपी थाना में लिखित तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पेंट्रीकार मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इनमें दो अज्ञात व्यक्ति भी शामिल है। उधर, घायल जीआरपी स्क्वाएड का डॉक्टरी परीक्षण भी कराया गया है। जीआरपी द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।














