एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा कानून-व्यवस्था की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा
झांसी। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, अनुपम कुलश्रेष्ठ ने झांसी पुलिस लाइन सभागार में जन प्रतिनिधियों, व्यापारिक वर्ग के प्रतिनिधियों व पत्रकारों के साथ संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में एडीजी ने जनप्रतिनिधियों द्वारा कानून व्यवस्था पर प्रस्तुत सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र में शांति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इसके पश्चात उन्होंने व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी सुरक्षा, व्यापारिक गतिविधियों और बाजार व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को साझा किया। एडीजी ने आश्वस्त किया कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय है तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पत्रकारों से संवाद के दौरान एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने मीडिया की भूमिका को समाज और पुलिस के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताया। उन्होंने झांसी पुलिस की कार्य प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में जनपद में जुआ, सट्टा, महिला अपराध, संगठित गिरोह और साइबर अपराध आदि के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
सट्टा सिंडिकेट के वांटेड लिस्ट से डिलीट नहीं
उन्होंने कहा- झांसी में सट्टे पर जो कार्रवाई हुई है। उसका मैंने खुद संज्ञान लिया है और केस की पूरी स्टडी कर ली है। जो लोग वांटेट है, वो हमारी लिस्ट से डिलीट नहीं हुए हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इसमें जो भी लोग शामिल है, किसी को बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने झांसी में सट्टा, साइबर क्राइम खासकर कृप्टो करंसी पर हुई कार्रवाई की सराहना करते हुए बताया कि उन्होंने एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति और सहायक पुलिस अधीक्षक अरीबा नोमान को प्रशस्त्रि पत्र दिया है। एडीजी ने कहा कि पुलिस की ऐसी कार्यवाहियाँ जनता के विश्वास को मजबूत करती हैं और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
झांसी से लखनऊ तक फरियादियों की भीड़ के प्रश्न पर पहले तो उन्होंने सवालकर्ता से ही इसका जवाब पूछा और फिर इस स्थिति को नकारते हुए उन्होंने दावा किया कि झांसी में ऐसी स्थिति नहीं है।
एडीजे ने बताया कि एसएसपी और उनके अधीन अफसरों व एसएचओ के साथ मीटिंग की है और ला इन ऑर्डर और क्राइम कंट्रोल को लेकर निर्देश दिए हैं। अब अपराधियों के खिलाफ शिकंजा और टाइट किया जाएगा। यहां जो भी क्राइम हो रहा है, उसमें कोई भी क्रिमिनल छूट न पाए। कड़ी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जो भी शिकायतकर्ता है और न्याय से वंचित है तो उसकी बात को संवेदनपूर्ण ढंग से सुनें और न्यायपूर्ण ढंग से समस्या का समाधान करें। ताकि उसे न्याय मिले और वो संतुष्ट होकर घर जा सके। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, जनसुनवाई और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई। बंगरा चौकी में आगजनी की घटना के सवाल पर बताया कि एसएसपी अपने स्तर पर जांच करा रहे हैं। उसके बाद ही कुछ बता पाएंगे।
10 से 12 फीट का न हो ताजिया
एडीजे ने कहा- मुहर्रम को लेकर हम लोग पहले से ही काम कर रहे थे। सीएम के जो निर्देश है, उसके अनुसार, कार्रवाई की जा रही है। ताजिया का हाइट 10 से 12 फुट का न हो। इसको बनाने वाले कारीगारों से पुलिस संवाद कर चुकी है। निर्धारित हाइट से ज्यादा न बढ़े। निर्धारित डेसीबल पर डीजे बजे व अस्त्र शस्त्र का प्रदर्शन नहीं हो।
इस पूरे दौरे के दौरान एडीजी ने पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने, जनविश्वास बढ़ाने और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के झांसी आगमन के पूर्व उनका यह दौरा प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।














