खैरार–अकौना खंड में नव विद्युतीकृत एवं दोहरीकृत रेल लाइन पर 25 केवी एसी कर्षण प्रणाली का निरीक्षण

0
27

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे का झांसी मंडल यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेल परिचालन को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए आधारभूत संरचना के विकास हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में खैरार–अकौना खंड में विद्युतीकृत 18.5 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉड गेज रेल लाइन पर 25 केवी एसी विद्युत कर्षण प्रणाली का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस नव विद्युतीकृत खंड का निरीक्षण 17 जून को उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर जे. सी. एस. बोरा द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान परख निरीक्षण यान एवं टावर वैगन के माध्यम से विद्युत कर्षण प्रणाली से संबंधित विभिन्न अवसंरचनाओं एवं उपकरणों का गहन परीक्षण किया गया। इसमें समपार फाटक, स्विचिंग प्वाइंट, ओएचई खंभे, ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायरिंग तथा अन्य आवश्यक विद्युत प्रतिष्ठानों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही सभी उपकरणों की कार्यक्षमता का परीक्षण करते हुए उनकी प्रभावशीलता का आंकलन किया गया।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर जे. सी. एस. बोरा ने खैरार स्टेशन तथा इचौली स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशनों पर उपलब्ध रेल अवसंरचना, विद्युत प्रतिष्ठानों तथा परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके अतिरिक्त खंड में निर्मित रोड ओवर ब्रिज (ROB) का भी निरीक्षण किया गया तथा उसकी संरचनात्मक एवं परिचालन सुरक्षा से संबंधित पहलुओं की समीक्षा की गई।

इस परीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन की संरक्षा, विश्वसनीयता तथा विद्युत कर्षण प्रणाली की दक्षता का मूल्यांकन करना था। निरीक्षण एवं परीक्षण के परिणाम संतोषजनक पाए गए। खैरार–अकौना खंड पर विद्युत कर्षण प्रणाली के आरंभ होने से रेल परिचालन अधिक पर्यावरण-अनुकूल, किफायती एवं दक्ष बनेगा। इससे रेलगाड़ियों के संचालन में गति आएगी, ईंधन व्यय में कमी होगी तथा यात्रियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) पी. पी. शर्मा, मुख्य बिजली इंजिनीयर (निर्माण) अनिल कुमार, उप मुख्य बिजली इंजिनीयर (निर्माण) कुलदीप कुमार,  वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/सामान्य अशोक प्रिय  गौतम,  वरिष्ठ मंडल अभियंता/पूर्व आयुष श्रीवास्तव,   निर्माण संगठन के अन्य अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी, निरीक्षक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here