ठेकेदार से बकाया वेतन भुगतान की मांग

झांसी। बकाया वेतन भुगतान करने के मामले में रेल प्रशासन के आश्वासन व वायदा खिलाफी पर ठेकेदार के अधीन कार्यरत मजदूरों द्वारा बुधवार को डीआरएम कार्यालय पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में अर्धनग्न प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने “रेल प्रशासन हाय हाय”, “शोषण बंद करो”, “रेलवे एवं कंपनी निजी कर्मचारियों को न्याय दो” जैसे नारे लगाते हुए रेल प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मजदूरों के बकाया वेतन भुगतान कराने का रेल प्रशासन द्वारा पूर्व में आश्वासन दिया था पर समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके कारण मजदूरों को प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा बकाया वेतन भुगतान के लिए अब लिखित आश्वासन चाहिए। इसके बिना प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मेहनतकस कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है। यदि श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कर्मचारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कर्मचारियों का 3 माह 15 दिन (साढ़े तीन माह) का वेतन लंबित है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने बकाया वेतन का तत्काल एकमुश्त भुगतान करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन लागू करने, समय पर वेतन भुगतान की गारंटी सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों के मानसिक एवं आर्थिक शोषण पर रोक लगाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान “रोटी, कपड़ा और मकान, वेतन है मजदूर की जान”, “शोषण का अब खेल न रहेगा, मजदूर अब चुपचाप नहीं सहेगा” तथा “जब तक वेतन नहीं, तब तक चैन नहीं – हमारा हक, हमारा वेतन” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक बनाया जाएगा।
इस दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर योगेश राना ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए शांति का पाठ पढ़ाया, किंतु कोई सुनने को तैयार नहीं हुआ। काफी देर चले प्रदर्शन के बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया














