झांसी। मरीज को सही समय पर सलाह न देने और मेडिकल एथिक्स का पालन न करने पर डॉ शैली साहू के ओम चाइल्ड एंड मैटरनिटी क्लीनिक खण्डेरावगेट झांसी के रजिस्ट्रेशन को सीएमओ झांसी द्वारा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा 15 जून 26 को जारी पत्र में बताया गया है कि यह कार्रवाई भूपेन्द्र कुशवाहा पुत्र स्व० राम लाल कुशवाहा निवासी पाल कॉलोनी, थाना सीपरी बाजार, जिला झाँसी के 19 अगस्त 25 के प्रार्थना पत्र की जाँच पर की गई।
उक्त शिकायत के संबंध में आयुक्त के द्वारा अग्रेत्तर कार्यवाही करने के निर्देश प्राप्त हुये थे। जाँच आख्या से यह स्पष्ट होता है कि आप द्वारा आरती कुशवाहा का उपचार गर्भावस्था के दौरान किया गया था। जिसकी जाँच मुख्य चिकित्सा अधिकारी, झाँसी के द्वारा गठित जाँच समिति से करायी गयी थी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ललितपुर द्वारा भी 23 अगस्त 2025 को उक्त जाँच समिति द्वारा की गयी थी।
उपरोक्त जाँच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि आपके यहाँ Blood Transfusion, L.S.C.S. Operation. S.N.C.U. की व्यवस्था क्लीनिक पर उपलब्ध नहीं थी तथा आपके द्वारा 8वें माह में Injection FCM लगवाने हेतु प्राईवेट हॉस्पिटल शिव नर्सिंग हॉम में मरीज को भेजा गया था। जहाँ पर Injection FCM बिना आपके Supervision के लगाया गया जिससें मरीज की हालत बिगड़ गई तथा इमरजेंसी में मरीज को L.S.C.S. के लिये New Tata Hospital में भर्ती कराया गया था तथा महिला को बच्चा मृत पैदा हुआ था।
उक्त जाँच आख्याओं के क्रम में एवं लिये गये बयानों के आधार पर इस प्रकरण में यह साबित होता है कि आपके द्वारा मरीज को सही समय से सलाह नहीं दी गयी तथा Medical Ethics का पालन नहीं किया गया। अतएव आपकी Clinic का रजिस्ट्रेशन तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है।














