राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर डिप्टी सीएम बोले- जो गलत करेगा, उसे सजा मिलेगी
झांसी। शुक्रवार को झांसी में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में फिर से सरकार बनेगी। फर्जी पीडीए वाली सपा का टीएमसी से भी बुरा हाल होगा। सपा सेफई की पार्टी बन कर रह जाएगी।
सपा सांसदों के भाजपा में शामिल होने के कयास पर उन्होंने कहा कि जब शामिल होंगे, उस समय देखा जाएगा, अभी ऐसी कोई बात नहीं है। जिसे संपर्क करना है करें, हम संपर्क नहीं करते। भाजपा किसी को तोड़ने का काम नहीं करती।
राम मंदिर चंदे व चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आरोप लगना अलग है, साबित होने पर कार्रवाई होगी। श्री राम भक्त हनुमान जी आरोपियों को माफ नहीं करेंगे। SIT रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। जो गलत करेगा, उसे सजा मिलेगी।
चंपतराय के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह आदरणीय और पूज्यनीय हैं। वह रामभक्त हैं और रामकाज के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से चंपत राय को अलग रखने पर कहा कि यह सीएम का विषय है। राम मंदिर को लेकर अखिलेश के बयानों पर कहा कि ‘अयोध्या राम लला का जन्मस्थल है। देश और दुनिया के करोड़ों राम भक्तों के लिए यह आस्था का केंद्र है, इस पर गर्व करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या को कुरुक्षेत्र बनाने जैसी बयानबाजी नहीं करनी चाहिए.’ उन्हें आस्था से खिलवाड़ से बाज आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या आस्था का प्रतीक है, अखिलेश अयोध्या जाना नहीं चाहते, वह राम द्रोही परिवार है, रामभक्तों का खून बहाने वाला है।
एक सवाल के जवाब में कहा कि सब मुसलमान पहले हिंदू ही थे। सबके पुरखे भगवान श्री राम हैं। हम उन्हें भगवान मानते हैं, वो अपना पुरखे मानते हैं। सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव के बयान “हमने केशव को कई बार हराया है” पर बोले कि वह बड़े नेता हैं, अपने भतीजे (अखिलेश) को संभालें, हम पर ध्यान देना छोड़ें।

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या दो दिवसीय दौरे पर झांसी पहुंचे। शताब्दी एक्सप्रेस से वह झांसी स्टेशन पहुंचे। यहां जिलाध्यक्ष और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।














