झांसी। जिले पूंछ थाना क्षेत्र में नहर में मछली पकडने गया मछुवारा फिसल कर नहर में गिर कर मछली पकड़ने के लिए डाले गए जाल में फंस गया और फिर नहीं निकल पाया। जानकारी होने पर सुबह उसके शव को नहर से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार मोहल्ला निवासी 52 वर्षीय रविन्द्र रायकवार पुत्र प्यारे लाल मछली बेच कर जीवकोपार्जन करता था। उसके 5 बेटियां है। जिसमें तीन की शादी वह कर चुका है जबकि दो बेटियों की अभी शादी होनी थी। वह शराब पीने का भी आदी बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार विगत दिवस वह क्षेत्र की नहर में मछली पकड़ने गया था। मछली पकड़ने के लिए उसने नहर में जाल डाल दिया। इसके बाद घर नहीं पहुंचा। सुबह तक जब घर नहीं गया तो परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन करते हुए वह नहर किनारे पहुंचे। जहां उसके कपड़े और चप्पल रखी हुई थी। नहर में देखा तो वह मछली पकड़ने वाले जाल में फंसे हुए थे। इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से निकालकर कब्जे में लिया। आशंका है कि फिसल जाने के कारण वह नहर में गिर गया और मछली पकड़ने वाले जाल में फंस गया। इससे पहले वह जाल से निकल पाता उसकी मौत हो गई।