झांसी। कानपुर – झांसी रेल मार्ग पर पूंछ क्षेत्र में चलती ट्रेन से गिरकर एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मोंठ सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।

बिहार के जनपद पश्चिमी चंपारण, थाना पिपरासी के ग्राम मंझरिया निवासी 30 बर्षीय राजकुमार पुत्र रामअवध अपने साथी मंजेश और करन कुमार के साथ गोरखपुर से ट्रेन में सवार होकर सिकंदराबाद मजदूरी करने जा रहा था। वह ट्रेन के गेट पर बैठकर सफर कर रहा था। जैसे ही पूंछ थाना क्षेत्र में रेलवे गेट क्रमांक 155 के नजदीक पहुंचा‌ अचानक वह चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पूंछ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक के साथी करन कुमार ने बताया- वह शुक्रवार को घर से निकले थे। गोरखपुर से सिकंदराबाद मजदूरी करने जा रहे थे। गेट पर बैठकर सफर कर रहे राजकुमार की गिरकर मौत हो गई। उसके तीन बेटे करन, अर्जुन और राहुल हैं। पत्नी का नाम ज्योति देवी है। राजकुमार परदेश जाकर मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अकेला परिवार का सहारा था।