मुरैना मप्र। मप्र के मुरैना के थाना बसैया अंतर्गत किशनपुर गांव में शुक्रवार की रात 35 वर्षीय बलरामसिंह कुशवाह ने पहले अपनी पत्नी और 2 मासूम बेटों की कुल्हाडी से काटकर हत्या कर दी और इसके बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा। ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली है।
यह लोमहर्षक वारदात घर के आंगन में हुई है, किंतु आस-पड़ोस के लोगों को भनक तक नहीं हुई क्योंकि यह घर चारों तरफ से ऊंचा बाउंड्री से घिरा हुआ है। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने देखा है कि घर का मुख्य गेट बाहर से बंद है। शक होने पर उन्होंने बाउंड्री के ऊपर से अन्दर झांक कर देखा तो महिला और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी।
घटना की खबर मिलते ही माता बसैया थाना टीआई, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाये और जांच शुरू कर दी है। जांच में पता चला कि बलराम सिंह ने शिकारपुर रेल फाटक के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल की स्थिति देखकर संभावना जताई जा रही है कि बलराम ने देर रात सो रही अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाह पर कुल्हाडी से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दोनों बेटों 8 वर्षीय आरव, 5 वर्षीय देबू पर भी ताबड़तोड हमले किये। हमले में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
हत्या के कारणों का खुलासा नहीं
मुख्यालय डीएसपी विजय भदौरिया ने मीडिया को बताया है कि हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने चारो के शवों को पोस्टमार्टम के लिये मुरैना भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।














