Oplus_0

झांसी। मप्र के नौगांव में प्रेम विवाह करने के छह माह बाद युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था जहां उसकी मौत हो गई। परिजन उसकी हत्या का आरोप लगाया है।

मध्य प्रदेश के नौगांव निवासी आकाश कुशवाहा (32) प्राइवेट काम करता था। परिजनों के मुताबिक आकाश ने छह माह पहले अपने दोस्त की पत्नी से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से दोनों नौगांव में रहने लगे। उसका दोस्त आकाश से रंजिश रखने लगा। चार अगस्त को आकाश का पत्नी से विवाद हो गया। रात को आकाश की पत्नी ने पिता हलकाई को फोन करके बताया कि उसने फांसी लगा ली। यह सुनकर जब परिजन घर पहुंचे तो आकाश बेहोश मिला। वे उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

हालत गंभीर होने पर उसे डॉक्टरों ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया। बृहस्पतिवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक के पिता हलकाई ने आकाश की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आकाश के शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट से ही उसकी मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी।