Oplus_131072

झांसी। जिले के थाना बड़ागांव क्षेत्र के गोरारी गांव में खेत में काम करते समय युवक करंट की चपेट में आने से मौत का शिकार हो गया जबकि उसे बचाने दौड़ी उसकी बहन भी करंट का तेज झटका लगने से गंभीर आहत हो गई। परिजनों ने पड़ोसी किसान पर लापरवाही का आरोप लगाया है। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने लापरवाही के आरोप में पड़ोसी जुगल महराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।

बड़ागांव के गोरारी गांव निवासी किसान क्षत्रपाल प्रजापति का पुत्र शशिकांत (21) आईटीआई कर रहा था। छह बहनों में वह इकलौता भाई था। पिता छत्रपाल के मुताबिक, खेती कम होने से उसने गांव के एक व्यक्ति की खेती की जमीन बटिया पर ली थी। सोमवार को शशिकांत खाद छिड़काव के लिए गया था। खेत में पड़ोसी किसान जुगल महाराज ने खुला बिजली का तार बिछाया था। शशिकांत के पूछने पर जुगल के पुत्र वेद प्रकाश ने करंट न होने की बात कही। यह सुनकर शशिकांत खेत में खाद डालने लगा। उसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। यह देखकर उसकी बहन बसंती ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी झुलस गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने शशिकांत को मृत घोषित कर दिया।

देर-शाम पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है। इस घटनाक्रम से परिवार में मातम पसरा हुआ है क्योंकि परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया।