झांसी। जिले के मऊरानीपुर नगर के सराफा बाजार में एक मकान गुरुवार सुबह अचानक भर भराकर सड़क पर गिर कर मलवे में तब्दील हो गया। मलबे में दब कर एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई।
मंगलवार से लगातार हो रही बारिश के चलते गुरुवार को सुबह मऊरानीपुर नगर के बड़ा बाजार में एक मकान भरभरा कर सड़क पर आ गिरा। इससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। मकान के मलबे में दबने से एक मजदूर विक्की श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि विक्की मजदूरी के लिए गुरुवार को सुबह बड़ा बाजार आया था। वह मकान के पास ही बैठा था। इसी दौरान मकान गिर पड़ा, जिसमें दबने से विक्की की मौत हो गई। पुलिस ने शव को सीएचसी पहुंचाया और बुलडोजर से मलबे को हटवाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मकान कई वर्षों से बंद था। भारी बरसात होने से जर्जर मकान ढह गया। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, एवं राजनीतिक दलों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए थे।