झांसी। शहर के व्यस्ततम गांधी रोड बाजार में बुधवार को चौधरी पेण्ट हाउस के ऑफिस/ गोदाम लगी आग रात लगभग 11 बजे बुझा ली गई थी, किंतु आज (गुरुवार) सुबह लगभग 6.30 बजे फिर से आग की लपटें दिखाई देने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंच कर आग को बुझाने का काम किया।
गौरतलब है कि गांधी रोड बाजार में बुधवार को चौधरी पेण्ट हाउस के ऑफिस/ गोदाम लगी भीषण आग के लगने से करोड़ों का माल स्वाहा हो गया था। पुलिस व सेना की दमकल टीमों ने लगभग 5 घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग 9.30 बजे तक आग पर काबू पा लिया था, किंतु रात लगभग 11 बजे एक बार फिर आग की लपटें दिखाई दीं, जिन्हें घटनास्थल पर मौजूद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार डाल कर बुझा दिया गया था।
गुरुवार को सुबह लगभग 6.30 बजे फिर से गोदाम से आग दिखाई दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को बुझाया। आज़ बाजार खुलते ही घटना स्थल पर दुकानदारों, राहगीरों आदि तमाशबीनों की भीड़ लगी है।














