आरपीएफ ने बचा कर जीआरपी को सौंपा
ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में प्लेटफार्म पर एक कथित चोर को हाथ बांध कर भीड़ बेरहमी से पीट रही है। सोशल मीडिया पर इस घटना को तालिबानी सजा बताकर शेयर किया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने बताया है कि आरोपी का महिला यात्री की सोने की बाली चोरी करने का प्रयास के दौरान यात्रियों ने पकड़ लिया था।
यह घटना 28 जून रविवार की दोपहर लगभग 2 बजे की ग्वालियर स्टेशन की है। यहां एक महिला यात्री के कान में पहनी सोने की बाली चोरी करने की कथित प्रयास के दौरान आरोपी को यात्रियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके बाद घटनास्थल पर मोजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था।
बताया जा रहा है कि पकड़ा गया आरोपी अपनी पत्नी और 8 माह के बच्चे के साथ रेलवे स्टेशन पर भीख मांगने के बहाने रहता था। मौका देख कर चोरी की घटनाओं का अंजाम देता था। इसमें उसकी पत्नी भी बच्चे को लेकर साथ देती थी। आरपीएफ के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह कई बार पकड़ा जा चुका है। उसका मूल निवास विदिशा बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि भीड़ से बचने के प्रयास में आरोपी ने अपने 8 माह के बच्चे को प्लेटफार्म पर पटक दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। उसकी दोबारा पिटाई कर दी। इस दावे की पुलिस ने अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हंगामे की सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी निगरानी में लिया। बाद में उसे कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ ने बताया कि महिला यात्री की सोने की बाली चोरी करने के प्रयास में आरोपी को यात्रियों ने पकड़ लिया था और उसके साथ मारपीट की गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और आरोपी को छुड़ाकर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। आरोपी पहले भी चोरी के कई मामलों में पकड़ा जा चुका है।














