झांसी। यूपीटीईटी परीक्षा-2026 के दृष्टिगत परीक्षार्थियों एवं यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल द्वारा व्यापक भीड़ प्रबंधन एवं विशेष यात्री सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में परीक्षा अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है।
अभ्यर्थियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से झाँसी मंडल द्वारा विशेष रेल सेवाओं का संचालन किया गया है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी से बाँदा के लिए प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करने वाली मेमू ट्रेन को अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक घंटे पुनर्निर्धारित (Reschedule) कर 13:30 बजे संचालित किया गया। साथ ही इस ट्रेन का विस्तार चित्रकूट धाम कर्वी तक किया गया है, जिसमें लगभग 1100-1200 अभ्यर्थि सवार हुए तथा उनको सीधा एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध हुआ।
इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों की बढ़ी हुई यात्रा मांग को देखते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी से कानपुर के मध्य एक विशेष ट्रेन का संचालन भी किया गया। यह विशेष ट्रेन 13:30 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन से प्रस्थान कर एट, मोठ, कालपी, उरई, पुखरायां तथा भीमसेन स्टेशनों पर ठहराव देते हुए कानपुर पहुँचेगी, आज इस गाडी में 500 से 600 अभ्यर्थी सवार हुए तथा मार्ग के विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक सुविधा से पहुच सके।
इसी क्रम में यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी से कानपुर के मध्य एक और अतिरिक्त विशेष ट्रेन का संचालन सायं 18:30 बजे किया जाएगा, जिससे परीक्षा उपरांत वापसी करने वाले अभ्यर्थियों को भी सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा प्राप्त हो सके।
परीक्षार्थियों के मार्गदर्शन एवं सहायता के लिए प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहाँ परीक्षा केंद्रों की जानकारी, स्थानीय परिवहन, ट्रेन संचालन एवं प्लेटफॉर्म संबंधी आवश्यक सूचनाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को संवेदनशील स्थानों पर 24×7 तैनात किया गया है। मंडल कार्यालय स्थित वार रूम से सभी व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया है।
टिकटिंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM), अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (UTS) तथा अन्य टिकटिंग सुविधाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया गया है। साथ ही ट्रेनों एवं प्लेटफॉर्मों पर नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर प्लेटफॉर्म परिवर्तन संबंधी जानकारी का भी त्वरित प्रसारण किया जा रहा है।
उत्तर मध्य रेलवे का झाँसी मंडल यूपीटीईटी परीक्षा-2026 के दौरान सभी अभ्यर्थियों एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त रेल सेवाएँ एवं अन्य व्यवस्थाएँ निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।














