झांसी। उत्तर मध्य रेलवे त्योहारों में अपने सम्मानित यात्रियों हेतु सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। दिवाली और छठ पूजा के दौरान विभिन्न गंतव्यों हेतु रेल गाड़ियों और कन्फर्म सीट उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे द्वारा इस वर्ष त्योहार के दौरान 130 त्योहार विशेष गाड़ियों के कुल 667 फेरे जोन से प्रारंभ होने वाली विशेष गाड़ियों का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष त्योहारों के अवसर पर रेलवे यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष गाड़ियों का संचालन किया जाता है। इस वर्ष इन स्पेशल ट्रेनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। इस वर्ष गाड़ी सं. 02252/02251 नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली आरक्षित वंदे भारत विशेष गाड़ी, गाड़ी सं. 02248/02247 नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली आरक्षित तेजस सुपरफास्ट विशेष गाड़ी जैसी प्रीमियम विशेष ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त इस अवधि में 3133 फेरों के साथ कुल 607 पासिंग ट्रेने भी ज़ोन के परिक्षेत्र में पड़ने वाले स्टेशनों को सेवित करेंगी अर्थात उनकी सुविधा भी ज़ोन के यात्रियों को मिल सकेगी। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार अतिरिक्त विशेष गाड़ियों का संचालन भी किया जाएगा।
ज्ञात हो कि, प्रति वर्ष दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर देश भर से बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर प्रस्थान करते हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए ये त्योहार न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं, बल्कि परिवारों से मिलने का भी एक अहम अवसर होते हैं। प्रति वर्ष त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ की वजह से अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट हो जाती हैं। इसी को देखते हुए रेलवे द्वारा इस वर्ष त्योहारों के अवसर पर अतिरिक्त विशेष गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।