गढ़मऊ स्टेशन यार्ड की लूप लाइन में खड़ी टैंकर वैगन से चुरा रहे थे तेल, चार भागे
झांसी। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), स्टेशन पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन ने रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 05 जुलाई को डीएससीआर/झांसी से प्राप्त सूचना के आधार पर गढ़मऊ रेलवे स्टेशन यार्ड की लूप लाइन संख्या-05 पर खड़ी तेल टंकी लोड वैगन से एचएसडी (HSD) ऑयल चोरी करते हुए एक बदमाश शैलेन्द्र उर्फ झांसिया को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान उसके चार साथी मौके से फरार हो गए।
बदमाश के कब्जे से लगभग 350 लीटर एचएसडी ऑयल (07 भरी जरीकैन), 08 खाली जरीकैन, लगभग 1.5 इंच व्यास का प्लास्टिक पाइप, ₹350 नगद तथा एक मोटरोला कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। बरामद तेल का अनुमानित मूल्य ₹31,500 है। इस संबंध में आरपीएफ स्टेशन पोस्ट पर धारा 03 रेलवे संपत्ति (विधिविरुद्ध कब्जा) अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाश ने अपने फरार साथियों के नाम धीरज उर्फ धीरू, नीरज, अभिषेक तथा धर्मेन्द्र (पिकअप चालक) बताए हैं, जिन्हें प्रकरण में वांछित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।














