एलपीजी समझ कर घबराए लोग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
झांसी। सोमवार को पूर्वाह्न लगभग 12 बजे कानपुर हाईवे पर जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरामछिया गांव के पास यमुना हिल्स होटल के समीप नाइट्रोजन गैस से भरे एक टैंकर से गैस रिसाव होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चालक ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए टैंकर को तत्काल सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया। सूचना पर तुरंत फायर बिग्रेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। पानी डालकर टैंकर से रिसाव को रोका गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुची पुलिस ने एहतियातन लीकेज टैंकर के साइड की एक लाइन को बंद कर दिया व पूरा ट्रैफिक को दूसरी लाइन पर डायवर्ट कर दिया। इससे लगभग 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। पुलिस ने क्षेत्र की निगरानी बढ़ा कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए।
सके बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीमों ने एहतियाती कदम उठाए एवं राहत व बचाव कार्य के दौरान रिसाव को नियंत्रित किया। रिसाव बंद होने पर टैंकर को आगे के लिए रवाना किया गया। तब दूसरी लाइन खोली गई। लगभग एक घंटे तक अफरा तफरी का माहौल रहा।
राजस्थान के सीकर निवासी टैंकर चालक रामनिवास ने बताया वह दो दिन पहले गुजरात के वडोदरा जिले के कर्जण से टैंकर में नाइट्रोजन गैस भर कर बिहार के आईओसीएल रिफाइनरी लेकर जाने के लिए निकला था। दोपहर लगभग 12 बजे झांसी के कानपुर हाइवे पर बड़ागांव से 3 किलोमीटर पहले गोरामछिया गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आई एक कार चालक ने बताया कि टैंकर से गैस लीक हो रही है। इस पर टैंकर को साइट में रोका।
चालक ने बताया कि रिसाव प्रेशर ज्यादा होने की वजह से हुआ। प्रेशर ज्यादा होने पर सेफ्टी खुल गई, इससे रिसाव होने लगा। पानी डालकर रिसाव पर काबू पा लिया गया। अब गैस बिहार लेकर जा रहे हैं।
एलपीजी समझ कर लोग हुए भयभीत
चालक रामनिवास ने बताया- रिसाव देखकर आसपास के लोग एलपीजी गैस समझकर भयभीत हो गए और भागने लगे। वहां स्थित पेट्रोल पंप के स्टाफ ने टैंकर को दूर ले जाने को कहा। उसे बताया भी कि टैंकर में नाइट्रोजन गैस है, आग नहीं लगेगी। लेकिन कोई समझने को तैयार नहीं था। कुछ देर में पुलिस आ गई और हाइवे की एक लाइन को बंद करा दिया। पूरा ट्रैफिक दूसरी लाइन पर डायवर्ट कर दिया। मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियों ने पानी डालकर रिसाव पर काबू पा लिया। इसके बाद टैंकर को आगे के लिए रवाना कर दिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।














