मुख्य साजिशकर्ता मेडिकल एजेंसी का पूर्व कर्मचारी निकला, मुठभेड में लगी गोली 

0
74

मुठभेड में महेश मेडिकल एजेंसी लूट के दो बदमाश गिरफ्तार 

झांसी। थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन में रामराजा दवा बाजार में महेश एजेंसी में लूटकांड में वांछित दो बदमाशों को थाना नवाबाद पुलिस और स्वाट व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस सीधी मुठभेड़ में मुख्य साजिशकर्ता बदमाश के पैर में गोली लगी है जबकि उसका साथी भागने के पूर्व पकड़ा गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि घटना को अंजाम देने वाला मुख्य साजिशकर्ता कोई बाहरी नहीं, बल्कि उसी मेडिकल एजेंसी का एक पूर्व कर्मचारी था। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान छोटेलाल राजपूत उर्फ पवन राजपूत के रूप में हुई है, जो झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के हाईटेक सिटी का रहने वाला है। वह करीब पांच महीने पहले तक महेश मेडिकल एजेंसी में ही काम करता था। चूंकि छोटेलाल वहां पहले काम कर चुका था, इसलिए उसे मार्केट व दुकान के अंदरूनी सुरक्षा इंतजामों, नकदी रखने की जगह और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी दिनेश लोधी निवासी ग्राम टीला, शिवपुरी, मध्य प्रदेश के साथ मिलकर इस बड़ी डकैती का ताना-बाना बुना।

यह पूरी घटना बीती 4 जुलाई 2026 की रात को हुई थी। बदमाशों ने रामराजा दवा बाजार स्थित महेश मेडिकल एजेंसी में धावा बोला था। वहां तैनात सुरक्षा गार्ड को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया गया और दुकान में रखी भारी-भरकम नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए थे। इस घटना के बाद व्यापारिक जगत में काफी आक्रोश था। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नवाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए टीमें गठित की थीं।

नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक, बुधवार (7-8 जुलाई) की देर रात करीब 12 बजे पुलिस को मुखबिर के जरिए एक पुख्ता सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भगवंतपुरा से करगुवां जाने वाले मार्ग पर स्थित वीरेंद्र राय के बसेरा फार्म के पास घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख बाइक सवार बदमाशों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी गोलीबारी की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह दोनों मोटरसाइकिल सहित जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दोनों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से लूट की रकम में से 1 लाख 49 हजार 100 रुपये नकद, दो देशी तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।फिलहाल पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया है और उनके खिलाफ लूट, अवैध हथियार रखने व पुलिस पर जानलेवा हमला करने की धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here