साइबर ठगी में प्रयुक्त उपकरण/सामान व आभूषण सहित करीब 09 लाख का माल बरामद
विभिन्न बैंकों के 07 खातों में 41 लाख रूपए लेनदेन के दस्तावेज मिले, धनराशि फ्रीज
झांसी। झांसी नगर की पाश कालोनी में शादी कराने का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक और संगठित साइबर गिरोह का थाना साइबर व नवाबाद पुलिस द्वारा पर्दाफाश कर 09 महिला एवं 02 पुरुष सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, कंप्यूटर, दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, आभूषण एवं अन्य उपकरण सहित लगभग ₹09 लाख का माल बरामद। पुलिस ने विभिन्न बैंकों के 07 खातों में लगभग ₹41 लाख के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज बरामद कर लिए। इसके साथ ही 41 लाख रुपए फ्रीज करा दिये गये हैं।
फर्जी कॉल सेंटर के खिलाफ एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर पुलिस और नवाबाद थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जेल चौराहा स्थित राय कॉलोनी में सुनील राय के आलीशान मकान में संचालित शादी संस्था डॉट कॉम को छापा मारकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में एक सुर में बताया कि वह सब लोग 6000/- रुपये महीने में काम करते हैं तथा शादी संस्था डाट काम के संचालक हलधर साहू व सह संचालिका आकांक्षा के कहने पर ग्राहक को बातों में फंसा कर उनसे पैसा लेकर संचालक के द्वारा दिए गए खातों व क्यूआर कोड के माध्यम से डलवाते हैं तथा अच्छा काम करने पर हमे प्रत्येक काम में कमीशन मिलता है हम अपने हिसाब किताब की कापी मैनेजर साहिल साहू के पास जमा करते हैं।
गिरफ्तार मैनेजर साहिल साहू निवासी नवा तालाब पारा, रोगदा, सिउद जिला जांजगीर चापा, छत्तीसगढ से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह हलदर निवासी नवा तालाब पारा, रोगदा, सिउद जिला जांजगीर चापा, छत्तीसगढ के लिए शादी संस्था डाट काम में काम करता हूँ जिसके लिए मुझे आठ हजार रुपये महीने की सैलरी मिलती है। वह व आकांक्षा मिलकर किए गए काम के एवज में वेतन व कमीशन का भुगतान करते हैं। अकांक्षा पुत्री सुनील श्रीवास्तव निवासी भट्टागाँव सदर बाजार झाँसी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह करीब एक साल छः महीने से यहाँ काम कर रही है। यहां पर नई लडकियों को ज्वाइन कराना उन्हे ट्रेनिंग देने का काम करती हूँ।
इनके अलावा मौके पर पकड़े गए आरोपियों के नाम पुष्पा पाल पुत्री प्रभु दयाल पाल निवासी सिमरहा थाना सदर बाजार, आरती कुशवाहा पत्नी मनोज प्रजापति निवासी भान्डेरी गेट बाहर थाना कोतवाली जिला झाँसी, रजनी आर्य पुत्री नारायण प्रसाद निवासी हंसारी थाना प्रेमनगर झाँसी, पूजा शर्मा पुत्री राम बाबू शर्मा निवासी सुधा नर्सिंग होम न्यू आवास विकास थाना नवाबाद झांसी, दिक्षा कुमारी पुत्री गोविंद दास निवासी भट्टागाँव थाना सदर बाजार झाँसी, नेहा कुमारी पुत्री गोविंद दास निवासी भट्टागाँव थाना सदर बाजार झाँसी, साक्षी झाँ पुत्री धर्मेन्द्र झाँ निवासी बडागाँव गेट बाहर थाना कोतवाली झाँसी, राजकुमारी वर्मा पुत्री नारायण प्रसाद निवासी राजगढ विकास नगर बिजौली थाना प्रेमनगर झांसी हैं।
छापे में बरामद माल व उकरण
आरोपियों से 09 मोबाइल फोन एंड्रायड व 17 कीपैड मोबाइल फोन, 01 मैक बुक, 62 कापी, 22 लेखा-जोखा रजिस्टर, 25 फाइल, 01 यूपीआई क्यूआर कोड, 01 अदद क्यूआर साऊन्ड बाक्स, 06 चेकबुक, 02 पैन कार्ड, 11 मोहर व 03 स्टाम्प पैड, 01 आधारकार्ड, 16 एटीम डेबिट कार्ड, 04 सिम एयरटेल कम्पनी, 01 राऊटर, 01 बायोमैट्रिक मशीन, 01 बैनर शादी संस्था डाट काम, 07 सीपीयू व 01 प्रिंटर मशीन, ठगी के रूपयों से खरीदी गई एक चेन पीली धातु की, एक जोडी कान के टाप्स पीली धातु के बरामद किये गये।
सीपरी में सरयू विहार में भी पकड़ा गया था काल सेंटर
अप्रैल माह में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की पॉश कॉलनि सरयू विहार में पुलिस ने किराये के मकान में शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक रैकेट का भण्डाफोड़ किया था। गिरोह लोगों को शादी का झाँसा देकर मोटी रकम वसूलता था। कार्यवाही में पुलिस ने 17 युवतियों को गिरफ्तार किया था, जो सभी बाहरी राज्यों की रहने वाली थीं।














