दो अन्य घरों में भी घुसे बदमाश, ग्रामीणों में दहशत 

Oplus_131072

झांसी। जिले के थाना शाहजहांपुर क्षेत्र के वकुवां बुजुर्ग में 4 बदमाशों ने आधी रात के बाद घर में घुसकर किसान दंपति से लूटपाट की और विरोध करने पर तमंचा की बट मारी और बचाने दौड़ी पत्नी को भी लातें मार कर गिरा दिया। बदमाशों द्वारा युवक के सीने पर तमंचा लगाकर गोली मारने की धमकी देते हुए लगभग 8 लाख रुपए के आभूषण व 60 हजार रुपए लूटे और भाग गए।

शनिवार देर रात 2 बजे शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के बकवां बुजुर्ग गांव निवासी राममिलन ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात को खाना खाकर पूरा परिवार सोने चला गया था। वह पत्नी भारती और डेढ़ साल की बेटी एक कमरे में और पिता परशुराम व मां बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। रात करीब 2 बजे 4 बदमाश पड़ोसी की बाथरूम पर चढ़ कर उसके मकान की छत पर आ गए। छत से सीढ़ियों से होते हुए बदमाश सीधे नीचे उतर आए। बदमाशों ने उसके कमरे के दरवाजे में लात मारी। इससे कमरे का दरवाजा खुल गया। आवाज सुनकर वह और उसकी पत्नी जाग गए। जैसे ही उसने शोर मचा कर भागने की कोशिश की तो एक बदमाश ने तमंचा की बट उसके सिर में मार दी। इससे खून बहने लगा। पत्नी ने विरोध किया तो उसे भी लात-घूंसे मारे। उसे धक्का देकर गिरा दिया। जिससे वह घायल हो गई।

राममिलन ने बताया कि घर में घुसे 3 बदमाश तमंचे व एक राइफल लिए था जबकि एक बदमाश बाहर खड़ा था। एक बदमाश उसके सीने पर तमंचा अड़ा कर गोली मारने की धमकी देने लगा। इससे वह और उसकी पत्नी ने भयभीत होकर कहा कि जो चाहिए ले लो, गोली मत मारो। इस दौरान बदमाश पूरे घर में छानबीन कर लगभग एक घंटे तक लूटपाट करते रहे। बदमाशों ने अलमारी तोड़कर सोने के करीब 8 लाख रुपए के आभूषण और 60 हजार रुपए लूटे और राममिलन को पकड़ कर साथ ले जाते समय पत्नी भारती को धमकी दी की यदि शोर मचाया तो राममिलन को गोली मार देंगे।

इससे बदमाशों के जाने के बाद भी भारती ने शोर नहीं किया। इधर, लूटपाट के दौरान बदमाशों ने माता-पिता के कमरे के बाहर की कुंडी लगा दी। जिससे उन्हें घटना का पता नहीं चला। बदमाश घर से करीब 50 मीटर दूर ले जाकर राममिलन को डरा धमकाकर छोड़ कर भाग गए। बदमाशों से छूट कर घर लौटे रक्तरंजित राममिलन ने शोर मचाया और माता-पिता के कमरे का दरवाजा खोला। शोर सुनकर पूरा गांव एकत्र हो गया और पुलिस को सूचना दी गई। राममिलन ने बदमाशों से गिरा एक जिंदा कारतूस भी पुलिस को सौंप दिया है।

बताया गया है कि राममिलन के घर में लूटपाट से पहले बदमाश रात में करीब डेढ़ बजे गांव में ही एक अन्य ग्रामीण भारत के घर में भी घुसे थे। उसका परिवार मोंठ में रहता है। इसलिए उन्हें ज्यादा कुछ नहीं मिला। इसके बाद वे छत के रास्ते से भारत के भाई धनश्याम के घर में घुसे। धनश्याम के बेटे मुकेश की 6 दिन पहले शादी हुई है। इसलिए कई रिश्तेदार घर पर थे। मुकेश के कमरे का खटखटाया तो मुकेश ने आवाज दे दी। इस पर वे भाग गए थे। फिलहाल पुलिस द्वारा घटना की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। घायल राममिलन का उपचार कराया गया है। बदमाशों की उक्त वारदात से गांव में दहशत है।