ललितपुर। जिले में साहू समाज के युवक की गुमशुदगी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। 5 जुलाई 26 को शहर निवासी आकाश साहू घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने हर संभव प्रयास कर तलाश की, मगर अब तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।
परिवार ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सूचना देने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। कई दिन बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और परिजनों में भारी आक्रोश है।
मामले को लेकर उत्तर प्रदेश तैलिक साहू महासभा और साहू समाज ने कड़ा रुख अपनाया है। समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर ज्ञापन सौंपा और युवक की शीघ्र बरामदगी की मांग की। ज्ञापन में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो साहू समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
परिजनों ने युवक के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए तत्काल सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि हर बीतता दिन चिंता और भय को बढ़ा रहा है।
इस दौरान प्रभु दयाल साहू (नेताजी, मंडल अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश तैलिक महासभा), रामसेवक साहू (जिला अध्यक्ष, भदोना), संतोष खजुरिया (जिला अध्यक्ष, साहू समाज ललितपुर), पर्वत लाल (पूर्व जिला अध्यक्ष), मदन साहू, राजू साहू (ब्लॉक अध्यक्ष, तालबेहट), सचिन साहू, सोनू साहू, अशोक साहू (चकलप्पा), रूपेश साहू (युवा नेता, भाजपा), चुन्नीलाल साहू, पवन साहू, सुमित साहू (तलाबपुरा), जगदीश साहू (मरवाड़ी) और कैलाश साहू (जखौरा) सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।














