
झांसी। पौधा रोपण महाभियान की शुरुआत करने झांसी आए उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निशाने पर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रहे। उन्होंने अखिलेश यादव के वक्तव्य सनातनी ही समाजवादी है पर कटाक्ष किया कि समाजवादी असली वाले सनातनी होंगे, लेकिन अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी असली मायने में नमाजवादी पार्टी है।
उन्होंने कहा तुष्टिकरण वाली यह पार्टी अपराधियों, गुंडों, माफिया, भ्रष्टाचारियों को संरक्षण करने वाली पार्टी है। पूरी सपा फर्जी है। उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे पौधा रोपण, एक पेड़ मां के नाम अभियान की आज झांसी में मेडिकल कॉलेज प्रांगण से शुरुआत की। इसके पूर्व मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया के द्वारा किए गए सवालों के जवाब देते हुए उक्त कटाक्ष किया। आदित्य ठाकरे के बीजेपी को बाबर जनता पार्टी कहने वाले बयान पर भड़के डिप्टी सीएम ने कहा कि अभी वो बच्चे हैं। अभी जो बोले उस पर कोई बयान नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से भाजपा की सरकार बनी है तभी से भाजपा का कमल बढ़ रहा है, सपा और कांग्रेस सफा हो रही। भाजपा का कमल, गरीब कल्याण का कमल, विकास का कमल, महिला सशक्तिकरण से पूरे देश में भाजपा का कमल खिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 का रिजल्ट आएगा और सपा सैफई में दिखेगी।
उन्होंने पौधा रोपण के अभियान पर कहा कि महाभियान, महायज्ञ कहिए जो यह झांसी से प्रारंभ होकर उत्तर प्रदेश के पूरे 75 जिलों में शुरू हुआ है और आज 35 करोड़ की संख्या में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने पौधा रोपण एक पेड़ मां के नाम सभी से लगाने की अपील की।
डिप्टी सीएम करीब साढ़े 11 बजे हेलीकॉप्टर से झांसी पुलिस लाइन में उतरे। यहां पर भाजपा के पदाधिकरियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह यहां से सीधे कार्यक्रम स्थल, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज के लिए रवाना हो गए। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उन्होंने मीडिया से बात की।














