जीआरपी ने परिजनों को सौंपा
झांसी। टीटीई की सतर्कता से झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म पर लावारिस हालत में मिले किशोर को जीआरपी की मदद से उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। इस किशोर को ललितपुर से 8 जुलाई को दो युवक बहाने से मथुरा ले गए थे। जब उसे परिजनों की याद आई तो युवकों को चकमा देकर झांसी आ गया। परिजनों ने किशोर की लापता होने की शिकायत ललितपुर कोतवाली में दर्ज करा दी थी।
दरअसल ललितपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी शहीद खान का 15 वर्ष का बेटा 8 जुलाई की शाम घर के बाहर खेलते हुए लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने कोतवाली में शिकायत की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इधर शनिवार सुबह लावारिस हालत में घूम रहे किशोर को प्लेटफार्म मौजूद टीटीई रमेश ने देखा तो उससे टिकट व परिजनों के बारे में जानकारी ली। किशोर रोने लगा। टीटीई ने फोन से परिजनों से बात कराई।
इस दौरान जब परिजनों ने बताया कि किशोर के अपहरण का मामला कोतवाली थाने में दर्ज है, तो टीटीई ने बच्चे को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। लावारिस हालत में जीआरपी ने किशोर से पूछताछ कर परिजनों को जीआरपी थाने बुलाया। परिजनों के आने पर किशोर को उनके सुपुर्द कर दिया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किशोर को किस उद्देश्य से अपहरण किया गया था।














