
झांसी। जिला मुख्यालय पर एक होटल में आयोजित बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती समारोह पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्य मंडल प्रभारी पर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। बसपा पदाधिकारियों ने हंगामा कर रहे पति पत्नी को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह बार बार आरोपों की झड़ी लगाते रहे। यह हंगामा मीडिया के कैमरों में कैद होकर सुर्खियों में आ गया है।
दरअसल शनिवार को इलाईट चौराहे के पास स्थित एक होटल में बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे तभी पार्टी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अपनी पत्नी के साथ मंच के पास पहुंचा और मंचासीन मुख्य मंडल प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। यह देख कर पदाधिकारियों ने उसे समझाने की कोशिश की, किंतु मामले ने तूल पकड़ लिया।
हंगामा करने वाले रक्सा निवासी धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि वह पार्टी का विधान सभा अध्यक्ष रह चुका है और जिला पंचायत का चुनाव भी लड़ चुका है। उसका आरोप था कि उसकी जमीन हड़पने का प्रयास किया जा रहा है और धमकाया जा रहा है। उसने सीधे सीधे पार्टी के पदाधिकारी पर हत्या कराने के प्रयास का आरोप लगाया। उसका कहना था कि कुछ लोग पार्टी में पदाधिकारी गलत रूप से बन गए और अपने मन की चला रहे है जिससे पार्टी की छबि धूमिल हो रही है। उसे पार्टी से बिना किसी कारण के निष्कासित कर दिया गया है। वह और उसकी पत्नी बार बार मंच पर बैठे पदाधिकारियों से सिर्फ यही पूछते नजर आए कि बताइए उसकी क्या गलती है किस कारण से उसे पार्टी से निकाला गया।
इस दौरान हंगामा करने वाले कार्यकर्ता को काफी देर तह पदाधिकारी समझाते नजर आए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और समझा कर मामला शांत कराया। इस हंगामा को मीडिया के कैमरों ने क़ैद कर लिया। इससे हंगामा सुर्खियों में आ गया है। फिलहाल हंगामा से संगठन में उथल-पुथल शुरू हो गई है।