Oplus_16908288

झांसी। जिला कारागार में बंद हत्या के मामले में दोष सिद्ध क़ैदी की बुधवार को मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। वह लंबे समय से बीमार चल रहा था और उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है।

हत्या के मामले में दोष सिद्ध जिले के मोंठ थाना क्षेत्र के गांव भुजोंद निवासी 68 वर्षीय कल्याण सिंह यादव कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। पहले उसे उल्टी और दस्त की समस्या हुई तो जेल प्रशासन ने पहले उसका इलाज जेल में ही कराया, किंतु हालत में सुधार नहीं होने पर उसे 2 दिन पहले झांसी के मेडिकल कॉलेज इलाज में भर्ती किया गया था। यहां उसका इलाज चल रहा था। बुधवार को सुबह कल्याण सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया।

गौरतलब है कि मोंठ के ही भुजोंद गांव में 1984 में हुए एक हत्याकांड में कल्याण सिंह यादव को 302 का आरोपी बनाया गया था। इस मामले में न्यायालय में हत्या का दोष सिद्ध होने पर कल्याण सिंह को 2018 में सजा सुनाई गई थी। तभी से वह झांसी जेल में सजा काट रहा था।