झांसी। जिले के चिरगांव क्षेत्र से निकली बेतवा नदी में डूब कर 18 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। यह घटना चिरगांव के रामनगर घाट के पास हुई, जहां मृतक मौसम राजपूत, पुत्र सुषमाकान्त राजपूत, निवासी करगुवां, थाना चिरगांव, अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था।
गुरुवार को मौसम अपने दोस्तों के साथ बेतवा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हालांकि दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह 9 बजे पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद मौसम का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मौसम का पिता ट्रक ड्राइवर है और आठ बीघा जमीन में खेती भी करता है। मौसम, अपने पिता के साथ खेती में हाथ बताने के अलावा प्राइवेट तौर पर इलेक्ट्रिक समान सुधारने का भी काम करता था। वह दो भाई थे, छोटे भाई का नाम कल्लू उम्र 8 बर्ष है। उसने कक्षा 8 के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उसकी मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।














