जीआरपी व आरपीएफ समन्वय से कार्य कर यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को सर्वोपरि रखे : एसपी जीआरपी 

0
65
Oplus_16908288

संयुक्त गोष्ठी में यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर दिए दिशा-निर्देश

झांसी। पुलिस अधीक्षक रेलवे कार्यालय में यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं भयमुक्त रेलयात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जीआरपी एवं आरपीएफ अधिकारियों की महत्वपूर्ण संयुक्त गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी में झांसी रेल मंडल के अंतर्गत संचालित होने वाली पैसेंजर एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी।

गोष्ठी में दिए गए दिशा-निर्देश-1- चोरी की रोकथामः ट्रेनों में बढ़ती जेबकतरी एवं सामान चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीमों द्वारा ट्रेनों, प्लेटफार्मों एवं स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जाए।

2- पत्थरबाजी की रोकथामः ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां ग्राम सुरक्षा समितियों, स्थानीय पुलिस एवं आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता अभियान चलाया जाए। दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

3- अवैध वेंडर पर अंकुशः ट्रेनों एवं स्टेशनों पर अवैध रूप से सामान बेचने वाले वेंडरों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध अभियान चलाया जाए। केवल वैध लाइसेंसधारी वेंडरों को ही अनुमति दी जाए, जिससे यात्रियों को असुविधा न हो।

4- कोच अटेंडेंट का सत्यापनः सभी ट्रेनों में कार्यरत कोच अटेंडेंट, पैंट्री कर्मियों एवं सफाई कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को ट्रेन में कार्य करने की अनुमति न दी जाए।

5- सीसीटीवी से निगरानीः झांसी जंक्शन सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई हेतु नियंत्रण कक्ष को अलर्ट मोड में रखा जाए।

6- यात्री सुविधा एवं महिला सुरक्षाः महिला यात्रियों, बुजुर्गों एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय रखा जाए। ट्रेनों में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली न होने दी जाए।

एसपी जीआरपी ने कहा कि जीआरपी एवं आरपीएफ को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोपरि रखना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक थाना जीआरपी झाँसी, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट झाँसी, क्राइम ब्रांच आरपीएफ टीम, प्रभारी कण्ट्रोल रुम जीआरपी झाँसी, प्रभारी सीआईए, अनुभागीय स्वॉट टीम, क्यूआरटी टीम थाना जीआरपी झाँसी, एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here