झांसी। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 176वीं बैठक में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं इसे सशक्त रूप से लागू करने हेतु विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने झांसी मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में हिंदी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए एवं समस्त कर्मचारी हिंदी के प्रावधानों का पालन करें। उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे अपने दैनंदिन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग कर राजभाषा नीति के उद्देश्यों को सफल बनाएं।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रेम प्रकाश शर्मा ने कहा कि मंडल के सभी कार्यालयों में प्रयोग किए जा रहे कंप्यूटरों एवं लैपटॉप पर हिंदी टाइपिंग एवं हिंदी सॉफ्टवेयर का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हिंदी में प्रशिक्षित कार्यरत आशुलिपिकों एवं टंककों की सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए, जिससे सरकारी पत्राचार एवं अन्य कार्य हिंदी में प्रभावी रूप से संपन्न हो सकें।
इस अवसर पर हिंदी में सर्वाधिक डिक्टेशन देने के लिए वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) अखिल शुक्ल को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान का उद्देश्य अधिकारियों हिंदी के प्रयोग हेतु प्रोत्साहित करना है।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ला सहित अन्य शाखा अधिकारी, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी केशव त्रिपाठी सहित राजभाषा कर्मी एवं मंडल के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों ने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उसके अधिकाधिक उपयोग के लिए अपने सुझाव दिए तथा राजभाषा कार्यान्वयन को और प्रभावी बनाने हेतु संकल्प लिया।