ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत
झांसी। कहते हैं कि मौत कब कहां, कैसे झपट्टा मार दे अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। शुक्रवार की रात बाइक सवार दम्पति अपने घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर दर्दनाक मौत का शिकार हो गई, दोनों दो मिनट में अपने घर पहुंचने वाले थे। यह हादसा मऊरानीपुर हाइवे पर घटित हुआ।
दरअसल कोछाभांवर निवासी 35 वर्षीय राजू यादव और उसकी 30 वर्षीय पत्नी रामदेवी झांसी-खजुराहो हाईवे पर खुशी ढाबा के पास एक छोटा सा चाय नाश्ते का ठेला चलाते थे। गत रात दोनों रोज की तरह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जब दोनों दिगारा ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए।
भतीजे राजा यादव ने बताया कि घटना स्थल से उनका घर मात्र 100 मीटर की दूरी पर था। “बस दो मिनट और लगते, चाचा-चाची घर पहुंच जाते,” उन्होंने कहा। जैसे ही लोगों ने उन्हें पहचाना, तुरंत परिवार को सूचना दी गई और फिर पुलिस को बुलाया गया। घटना के बाद ट्रक को छोड़ कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है।
अब 75 वर्षीय दादी के सहारे दो मासूमों की परवरिश
इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार उजाड़ दिया, बल्कि दो मासूमों से उनका भविष्य भी छीन लिया। मृतक राजू और रामदेवी अपने पीछे 9 वर्षीय बेटे सागर और 6 वर्षीय बेटे कृष्णा को छोड़ गए हैं। अब इन बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी 75 वर्षीय दादी कक्को बाई पर आ गई है। लोगों कि कहना है कि परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। राजू अपने पिता के इकलौते बेटे थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। दंपती की असमय मृत्यु से पूरे गांव में मातम का पसरा है।