oplus_0

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा-अरबों की वक्फ संपत्ति पर मल्लिकार्जुन खड़गे और ओवैसी का कब्जा, 5 तक जागरूकता अभियान 

झांसी। भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने देश में पुराने वक्फ कानून की तुलना बाबर और औरंगजेब शासन से करते हुए बताया कि किसी की भी संपत्ति को वक्फ की मिल्कियत बता दिया जाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वक्फ कानून में बड़ा बदलाव किया है। इससे गरीब और पसमांदा, बोहरा मुसलमानों को लाभ मिलेगा।

वक्फ को लेकर भाजपा के पूरे देश और प्रदेश में जन जागरूकता अभियान की जानकारी देने आए क्षेत्रीय अध्यक्ष ने यहां भाजपा कार्यालय में मीडिया से रू-ब-रू होकर कांग्रेस सहित विपक्षियों पर जम कर हमला बोला। उन्होंने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि इससे पता चला है कि कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अरबों रुपए कीमत की वक्फ संपत्ति पर कब्जा किया है। साथ ही मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लेमीन पार्टी के अध्यक्ष ओवैसी ने भी 3 हजार करोड़ की संपत्ति पर कब्जा कर अपने शॉपिंग मॉल और होटल बनाए हुए हैं। कहा कि नए संशोधन से अब किसी की भी जमीन कब्जा कर वक्फ को नहीं दी जा सकेगी। पहले ऐसा ही होता था।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने पवित्र मन से वक्फ काननू में बदलाव किया है। बोले आज जो लोग इसके विरोध में सुप्रीम कोर्ट गए हैं, वह इससे पहले संविधान पर विश्वास ही नहीं रखते थे। कहा अब किसी भी जमीन पर कह देने भर से कब्जा नहीं हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले जो वक्फ कानून था, उसमें किसी भी भी जमीन पर कब्जा हो जाने के बाद भी वह कोर्ट नहीं जा सकता था। लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी ने यह अधिकार दिया है। बोले अभी किसी संपत्ति को लेकर विवाद होता है तो मुस्लिम-मुस्लिम कोर्ट जाते हैं, हिन्दू-मुस्लिम कोर्ट जाते हैं। लेकिन वक्फ में ऐसा नहीं था।

भाजपा नेता श्री पाल ने कहा कि विपक्षी दल वक्फ कानून पर भ्रम फैला रहे हैं। इसी तरह पहले उन्होंने नागरिकता कानून पर कहा था कि मुसलमानों की नागरिकता छीनने का कानून है, लेकिन किसी एक भी नागरिकता नहीं गई। इसी प्रकार अब वक्फ कानून को लेकर विपक्ष कह रहा है कि मुसलमानों की मस्जिद, मदरसे, मजार छीने जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं होगा। यह नया कानून गरीब, पसमांदा, बोहरा जैसे पिछड़े मुसलमानों को वक्फ की संपत्ति से लाभ दिलाने का काम करेगा।

उन्होंने बताया कि भाजपा पूरे देश और प्रदेश में वक्फ कानून में किए गए संशोधन के फायदे गिनाने के लिए अभियान चला रही है। इसमें 5 मई तक लोगों के बीच जाकर यह बताया जाएगा कि ये वक्फ कानून गरीब मुस्लिमों की भलाई के लिए है। पत्रकार वार्ता के दौरान सदर विधायक रवि शर्मा, जिला अध्यक्ष हेमंत परिहार, राकेश पाल, झांसी जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम आदि मौजूद रहे। अंत में संयोजक अमित साहू ने आभार व्यक्त किया।