2 दिन से लापता किशोर का शव कुएं में मिला

0
61
Oplus_16908288

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

झांसी। जिले के बबीना थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 16 वर्षीय किशोर अंकित अहिरवार का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं से बरामद हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि अंकित की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है।

थाना बबीना क्षेत्र अंतर्गत खजुराहा बुजुर्ग पनिहारी मोहल्ला निवासी राजमिस्त्री कोमल अहिरवार के इकलौता पुत्र अंकित अहिरवार (16) ने इसी वर्ष राजकीय हाई स्कूल से दसवीं की परीक्षा पास की थी। वह एनडी तिवारी मेमोरियल स्कूल में 11वीं का छात्र था। 18 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे अंकित अपने घर से गायब हो गया था, जब उसके पिता मजदूरी करने गए थे और मां उमा देवी मंदिर गई थीं।

दोपहर 2 बजे तक अंकित के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शाम को परिजनों ने भेल चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी थी। आज अंकित के फूफा मलखान रतौली गांव के भगवान दास के खेत पर घूम रहे थे तभी उन्हें एक कुएं में अंकित का शव दिखाई दिया।

उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद सभी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अंकित की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। उनका कहना है कि क्रिकेट खेलने को लेकर गांव के कुछ युवकों से अंकित का विवाद हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही बबीना पुलिस और क्षेत्राधिकारी सदर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। एसडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here