झांसी। थाना बरुआसागर क्षेत्र अंतर्गत उजयान में 12 वर्षीय लड़की ने अपनी बहनों के साथ हिमाचल जाने की ज़िद में फांसी लगाकर जान दे दी। वह 7 बहनों में सबसे छोटी थी और अपनी दादी के साथ उजयान में रहती थी।
पुलिस के अनुसार, 7 बहनों में से 3 की शादी हो चुकी है, जबकि 3 अपने चाचा-चाची के साथ हिमाचल प्रदेश में रहती हैं। मां की पहले ही मौत हो चुकी, पिता भी घर पर नहीं रहते। लड़की भी बहनों के साथ हिमाचल में रहने की जिद करती थी। जिद पूरी नहीं होने पर जान दे दी। सोमवार दोपहर 12 बजे पुलिस ने पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरुआसागर के उजयान गांव निवासी ट्रक चालक गोविंद रायकवार के 7 बेटियां हैं। इसमें से 3 की शादी हो चुकी है, जबकि 3 बहनें अपने चाची-चाची के साथ हिमाचल प्रदेश में रहती हैं। सबसे छोटी ममता (12) उजयान में अपनी दादी के पास रह कर पढ़ती थी। दरअसल ममता जब 5 महीने की थी, तब सड़क हादसे में उसकी मां कमला की मौत हो गई थी। उसे दादी पुष्पा देवी ने पाला और अब वो उन्हीं के साथ रहती थी। वह गांव के सरकारी स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ रही थी।
रविवार को स्कूल की छुट्टी होने पर ममता स्कूल नहीं गई थी और दादी के साथ घर पर थी। दादी घर का काम कर रही थी, तभी वह ऊपर वाले कमरे में चली गई। काफी देर तक नीचे नहीं आई तो दोपहर को दादी देखने के लिए कमरे में पहुंची। जैसे ही दरवाजा खोलकर कमरे में पहुंची तो पंखे पर तौलिए के सहारे ममता का शव लटका हुआ था। दादी ने तुरंत फंदे से ममता को नीचे उतारा। मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
बताया गया है कि ममता हिमाचल प्रदेश में रहने वाली तीन बहनों के साथ रह कर पढ़ने की ज़िद कर रही थी जबकि दादी व पिता वहां जाने से मना कर रहे थे। इससे ममता परेशान रहती थी। इसी ज़िद के चलते उसने आत्महत्या कर ली।














