झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल में 22 जुलाई को पंकज कुमार त्रिपाठी ने मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Divisional Commercial Manager) का कार्य भार ग्रहण किया। इसके उपरांत उन्होंने मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, वाणिज्यिक कार्यों की गुणवत्ता, राजस्व संवर्धन तथा ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
श्री त्रिपाठी ने भारतीय रेल में अपने अधिकारी जीवन की शुरुआत सहायक वाणिज्य प्रबंधक, प्रयागराज मंडल के रूप में की। इसके पश्चात उन्होंने झांसी मंडल में सहायक वाणिज्य प्रबंधक के पद पर अपनी सेवाएँ प्रदान कीं तथा पुनः प्रयागराज मंडल में विभिन्न महत्वपूर्ण वाणिज्यिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। अपने उत्कृष्ट कार्य निष्पादन एवं प्रशासनिक दक्षता के आधार पर पदोन्नति प्राप्त करते हुए अब उन्होंने मंडल वाणिज्य प्रबंधक, झांसी का कार्यभार ग्रहण किया है।
अपने पूर्ववर्ती कार्यकाल के दौरान श्री त्रिपाठी ने अनेक महत्त्वपूर्ण वाणिज्यिक एवं यात्री सेवा संबंधी कार्यों का सफल नेतृत्व किया। इसके अतिरिक्त वाणिज्यिक प्रबंधन में व्यापक अनुभव से उन्होंने स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, टिकट जांच अभियान को अधिक प्रभावी बनाकर टिकट जांच आय में उल्लेखनीय वृद्धि तथा गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) को बढ़ाने हेतु अनेक नवाचारपूर्ण एवं परिणामोन्मुखी पहलें कीं, जिनसे संबंधित मंडलों को उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त हुईं।














