जालौन (संवाद सूत्र)। बुधवार सुबह यशवंतपुर से गोरखपुर जा रही ट्रेन संख्या 12592 के कोच की छत पर चढ़ा यात्री ओएचई की चपेट में आकर गम्भीर रुप से झुलस गया, आनन फानन में रेल कर्मियों ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया जहां वह जिंदगी के लिए मौत से संघर्ष कर रहा है।
दरअसल, खजुरिया चंपारण, बिहार निवासी नंदकिशोर महतो (52 वर्ष) पुत्र खुशी महंतो अपने साथी लीलाधर के साथ यशवंतपुर से गोरखपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहा था। लीलाधर ने बताया कि ट्रेन में भारी भीड़ थी, नंदकिशोर कब छत पर चढ़ गया, इसका पता ही नहीं चल पाया। जब ट्रेन सुबह करीब 5:27 बजे उरई स्टेशन पर रुकी, तभी पता चला कि कोई यात्री छत पर ओएचई की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस कर गिर गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त यात्री उरई स्टेशन पर ट्रेन की छत से उतरने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह ओएचई की चपेट में आ गया। सूचना पर मौके पर आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल यात्री को मेडिकल कॉलेज भिजवाया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी है।
संभावना है कि उक्त यात्री कोच में ओवर क्राउड के चलते छत पर सवार हो गया, किंतु उसे किसी भी स्टेशन पर नहीं देखा गया। जब ट्रेन उरई स्टेशन पर रुकी तब वह उतरने के चक्कर में ओएचई की चपेट में आ गया। इस हादसे के कारण ट्रेन को उरई स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक रोके रखना पड़ा। ट्रेन सुबह 5:27 बजे पहुंची और 6:05 बजे के करीब रवाना हो सकी।