₹4 लाख का खोया सामान लौटाया
झांसी। यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी द्वारा 24 जुलाई 2026 को विशेष अभियान चलाकर विभिन्न मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान रेलवे अधिनियम के अंतर्गत कुल 09 प्रकरण पंजीकृत किए गए। इनमें बिना किसी उचित कारण के ट्रेन की चेन पुलिंग (धारा 141) के 03 प्रकरण तथा ट्रेन एवं रेल परिसर में उपद्रव (न्यूसेंस) करने के 06 प्रकरण (धारा 145) शामिल हैं।
इसी क्रम में “जनविश्वास अभियान” के अंतर्गत रेलवे अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत 26 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए ₹38,500 का जुर्माना वसूल किया गया। इसमें धारा 144 (अनधिकृत वेंडिंग/हॉकिंग एवं भीख मांगना) के 17 प्रकरणों में ₹34,000, धारा 147 (अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार करना) के 02 प्रकरणों में ₹1,000 तथा धारा 159 (अनधिकृत वाहन पार्किंग) के 07 प्रकरणों में ₹3,500 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त महिला कोच में अनधिकृत यात्रा (धारा 162) से संबंधित मामलों में भी कार्रवाई की गई।
रेलवे सुरक्षा बल ने “ऑपरेशन अमानत” के अंतर्गत सराहनीय कार्य करते हुए एक यात्री का लगभग ₹4,00,000 मूल्य का खोया हुआ सामान सकुशल बरामद किया। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उक्त सामान उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया गया। अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल के प्रति आभार व्यक्त किया।
रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेलवे हेल्पलाइन पर दें। यात्रियों का सहयोग सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।














