#Jhansi विद्युत लोको शेड में कवच सुरक्षा प्रणाली कार्य शुरू
झांसी। विद्युत लोको शेड, झांसी में भारतीय रेलवे द्वारा विकसित स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच का शुभारंभ कर दिया गया है। 28 जून को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा की उपस्थिति में लोको नं 41978 में शेड के पहले कवच सिस्टम का कार्य संपन्न किया गया। इसके साथ ही विद्युत लोको शेड में 600 मीटर के टेस्ट ट्रैक और टेस्टिंग रूम “कवच परिसर” का अनावरण भी मंडल रेल प्रबंधक द्वारा किया गया। प्रथम फेस में विद्युत लोको शेड,झाँसी के 160 लोको में कवच सिस्टम को लगाया जा रहा है।
दरअसल, कवच प्रणाली (Kavach System) भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एक स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकना है, खासकर जब लोको पायलट (train driver) गलती करते हैं या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में आने वाली सिग्नल की स्थिति कैब में दिए गए डिस्प्ले में दर्शाती है। यह प्रणाली भारतीय रेलवे की सुरक्षा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यदि एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनें आ रही हैं, तो यह प्रणाली स्वचालित रूप से ब्रेक लगाकर ट्रेनों को टकराने से रोकती है। यह प्रणाली Safety Integrity Level-4 (SIL-4) मानकों का पालन करती है जो उच्चतम स्तर की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। कवच सिस्टम के कई घटक होते है जैसे RF एवं GPS एंटीना, IRU(इंटर फेस रिले यूनिट), BIU (ब्रेक इंटर फेस यूनिट), RFID रीडर, आदि जिनके इनपुट का विश्लेषण करके ऑन बोर्ड कंप्यूटर “ Fail safe” निर्णय लेता है जो दुर्घटना के बचाव में सहायक है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि कवच सुरक्षा प्रणाली एक महत्वपूर्ण सुरक्षा सिस्टम है। भारत में ही विकसित यह सुरक्षा प्रणाली ट्रेन में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में सक्षम है। झांसी मंडल के विद्युत लोको शेड में कवच प्रणाली स्थापना का कार्य सुरक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम है। जल्द ही मंडल के सभी लोको में कवच सुरक्षा प्रणाली स्थापित करने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर विद्युत लोको शेड झाँसी के अधिकारी वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (आर.एस) एन.के.मिश्र, मंडल विधुत अभियंता नागेन्द्र तिवारी की उपस्थितिथी के अलावा झाँसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (OP) नन्दीश शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक आधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा आधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (परिचालन) श्री शिवम श्रीवास्ताव और अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।