झांसी। जाने-माने वयोवृद्ध इतिहासकार देवेन्द्र कुमार सिंह को बुन्देलखण्ड सांस्कृतिक एकेडेमी ने गुरूपूजन संस्कृति संवर्द्धन सप्ताह के अंतर्गत उनके के०के०पुरी आवास पर ‘डॉ० गोरेलाल तिवारी इतिहासकार सम्मान-2025’ से सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एकेडेमी के निदेशक डॉ० रामशंकर भारती ने कहा, इतिहासकार देवेन्द्र कुमार सिंह बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध इतिहासवेत्ताओं में शुमार हैं। 88 वर्षीय देवेन्द्र कुमार सिंह की इतिहास पर अनेक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। देश के प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में आपके ऐतिहासिक आलेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में वे बुंदेलखंड के अपने ऐतिहासिक शोधपत्रों, लेखों को विभिन्न सोशल मीडिया साइट्स तथा समाचार पत्रों के माध्यम से उपलब्ध कराते रहते हैं।
सम्मान कार्यक्रम में एकेडेमी के निदेशक डॉ० रामशंकर भारती, अध्यक्ष प्रदीप कुमार पाण्डेय व सचिव किसान गिरजाशंकर कुशवाहा ‘कुशराज’ ने वयोवृद्ध इतिहासकार देवेन्द्र कुमार सिंह को उनके आवास पर अंगवस्त्र, पुष्पहार, श्रीफल, एकेडेमी का सम्मान-पत्र तथा सद्य: प्रकाशित लघु उपन्यास देवास्वामिन की प्रति भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर देवेन्द्र कुमार सिंह के ज्येष्ठ पुत्र संजय सिंह एवं परिवारीजन उपस्थित रहे।