दो मासूमों के साथ गर्भवती ने ट्रेन से कटकर दी जान

0
119

एक बच्ची को ग्रामीण ने बचाया

ललितपुर बुंदेलखंड। सोमवार सुबह जिला ललितपुर के थाना जाखलौन क्षेत्र के धौर्रा गांव के पास गर्भवती ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के सामने आकर जान दे दी। महिला अपने तीन बच्चों को लेकर रेलवे ट्रैक पर पहुंची थी, लेकिन पास में मौजूद एक ग्रामीण ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्ची को खींचकर उसकी जान बचा ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

मृतकों की पहचान धौर्रा निवासी 35 वर्षीय दीपा यादव पत्नी विक्की, उसके दो वर्षीय बेटे कृष और तीन वर्षीय बेटी शिवांशी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दीपा गर्भवती थी, उसकी शादी करीब सात साल पहले पाली क्षेत्र में हुई थी, लेकिन वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके धौर्रा में रह रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार सुबह दीपा अपने तीनों बच्चों को लेकर रेलवे ट्रैक पर पहुंची थी। ट्रेन आते देख एक ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए एक बच्ची को खींचकर सुरक्षित बचा लिया, जबकि महिला और दो बच्चे ट्रेन की चपेट में आ गए।

पुलिस ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का पति शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर उससे विवाद करता था। इसी से आहत होकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटनाक्रम से क्षेत्र में सन्नाटा छाया हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here