झांसी। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के निर्देशन में झांसी मंडल द्वारा यात्री सुविधा और संरक्षा की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ग्वालियर जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों के साथ ही अन्य स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंडल के महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य शुरु हो गया है। फुटओवर ब्रिज निर्माण के लिए 5 गार्डर की सफल लॉन्चिंग कर दी गई है। यह कार्य महज 150 मिनट पूरा कर लिया गया है। निर्माण से संबंधित कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। फुट ओवरब्रिज के लिए कुल 11 गार्डर लॉन्च किए जाने हैं। शेष 6 गार्डर अगले 2 दिन में लॉन्च किए जाएंगे।
ब्रिज इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में कुशल कारीगरों द्वारा गार्डर की सफलतापूर्वक लॉन्चिंग की गई। गौरतलब है कि, मंडल के अधिकतर रेलवे ट्रैक पर दोहरीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके बाद अधिकतर स्टेशनों पर प्लेटफार्म की संख्या बढ़ गई है। इसको ध्यान में रखते हुए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
11 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर आधुनिक एफ ओ बी निर्माण प्रगति पर
यह उल्लेखनीय है कि झाँसी मंडल के 11 महत्वपूर्ण स्टेशनों — मुरैना, डबरा, दतिया, भिंड, ललितपुर, उरई, बांदा, चित्रकूटधाम कर्वी, महोबा, महाराजा छत्रसाल छतरपुर एवं टीकमगढ़ — पर 12 मीटर चौड़े आधुनिक फुटओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन पुलों के निर्माण से यात्रियों को प्लेटफॉर्मों के बीच सुगम, सुरक्षित एवं बाधारहित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
इन फुटओवर ब्रिजों के निर्माण से यात्रियों को प्लेटफॉर्म के एक ओर से दूसरी ओर जाने के लिए में आसानी होगी और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। इसके अतिरिक्त, ये चौड़े व सुलभ एफओबी भारी भीड़ वाले समय में भी यात्रियों के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करेंगे। इन संरचनाओं से न केवल यात्री सुविधा में वृद्धि होगी, बल्कि रेलवे के परिचालन में भी सुगमता और दक्षता आएगी।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि मंडल के 11 स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। कम आवागमन वाले स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।