झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के महेंद्रपुरी कॉलोनी में शनिवार सुबह निर्माणाधीन भवन के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में लगभग 40 वर्षीय महिला का शव पुलिस ने बरामद कर उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
सीपरी बाजार क्षेत्र सूती मिल के निकट निवासी चंपा रैकवार शुक्रवार शाम अपने घर से निकली फिर लौट कर नहीं आई। परिजनों ने उसकी तलाश लेकिन उसका पता नहीं चला। परिजन सुबह शिकायत लेकर थाने भी पहुंचे थे। शनिवार को महेंद्रपुरी कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान में काम करने पहुंचे मजदूरों ने उसका शव घर के अंदर पड़ा देखा। शव की सूचना मिलने पर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट आदि के निशान नहीं मिले। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी।
इधर, मृतका के मोबाइल फोन की काल डिटेल की जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि मृतका ने लास्ट काल रात 10 बजे सीपरी बाजार निवासी दिलीप साहू को की गई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि मृतका विधवा थी। उससे लगभग तीन वर्ष से शारीरिक संबंध थे। जिस मकान में शव मिला वह उसमें अक्सर आती जाती थी। मृतका शुक्रवार रात उसी मकान में पहुंची और उसे बुला कर 20 हजार रुपए की मांग की। इस पर विवाद हो गया और झगड़े में वह सीढ़ियों से गिर गई। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।