वैगन कारखाना में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत महा वृक्षारोपण का शुभारंभ
झांसी। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के वैगन कारखाना, झांसी में आज “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पाँच हजार पौधों के वृक्षारोपण लक्ष्य की प्रथम कड़ी के रूप में एक हजार पौधों का महा वृक्षारोपण किया गया। यह भव्य अभियान मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तवा की अध्यक्षता, कारखाना की प्रथम महिला अमिता श्रीवास्तवा के मुख्य आतिथ्य तथा समाजसेवी डॉ. नीति शास्त्री के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कारखाना परिसर स्थित ऑडिटोरियम, पॉकेट यार्ड एवं टैंक वैगन शॉप में पौधारोपण के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे रोपे गए तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें संरक्षित एवं विकसित करने का संकल्प लिया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तवा ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। आज जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाए और उनकी देखभाल भी करे। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान हमारी मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण देने का सशक्त माध्यम है। पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक पौधा एक विशाल वृक्ष का रूप ले। वैगन कारखाना झांसी पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी हरित एवं स्वच्छ परिसर के निर्माण हेतु ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ, उसका संरक्षण करें तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
इस अवसर पर फैक्ट्री मैनेजर अमित तिवारी, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (मशीन एंड प्लांट) कौशल किशोर, उप मुख्य इंजीनियर बी. के. वर्मा, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर नितिन कुमार गुप्ता, उत्पादन इंजीनियर समर्थ अग्रवाल, कार्मिक सलाहकार श्री विश्वकर्मा, एन.सी.आर.एम.यू. के सचिव राजा भैया, सेक्रेटरी टू सीडब्ल्यूएम मोहित सिन्हा, ओ.एस. टू सीडब्ल्यूएम शिव शंकर सिंह, बी.टी.सी. प्रभारी इंजीनियर एन. के. जैन, ई.डी.पी. प्रभारी विवेक भारद्वाज, एस.एस.ई. (जनरल) राजकुमार रिछारिया, सीनियर इंस्ट्रक्टर मनीष सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में उत्पादन इंजीनियर समर्थ अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैगन कारखाना झांसी आगामी चरणों में भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पाँच हजार पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करेगा।














