Oplus_16908288

झांसी। जिले के टोडी फतेहपुर थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव में बुधवार को एक कुएं के अंदर पानी में उतरा रहीं दो बोरियों में टुकड़ों में महिला की लाश मिलने से सनसनी फ़ैली है। एक बोरी में गर्दन से कमर तक का हिस्सा रखा था, जबकि दूसरी बोरी में कमर से जांघ तक का हिस्सा था। महिला का सिर, हाथ और पैर गायब हैं।पुलिस ने शव के टुकड़ों को कब्जे में लेकर हाथ-पैर और सिर की तलाश शुरू कर दी है। लाश किस महिला की है, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दरअसल, थाना टोड़ी फतेहपुर क्षेत्र अंतर्गत किशोरपुरा गांव निवासी विनोद पटेल का एक खेत महेबा रोड पर है। वह रोजाना की तरह बुधवार को अपनी फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गए थे। खेत में बने कुएं से तेज बदबू आ रही थी। विनोद ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में दो बोरियां तैर रही थी। जिनसे बदबू आ रही थी। विनोद ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इस पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बोरियों को कुएं से बाहर निकाला। जब बोरियों को खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर लोग दंग रह गए। एक बोरी में महिला का गर्दन से लेकर कमर तक का हिस्सा और दूसरी बोरी में कमर से लेकर जांघ तक का हिस्सा भरा दिया। महिला के हाथ, पैर और सिर गायब थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्लास्टिक की दोनों बोरियों में शव के साथ ईंट-पत्थर भी भरे हुए थे। ताकि शव ऊपर न आ पाए। थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने बताया बताया गया है कि महिला के बाकी अंगों को तलाशने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मगर बारिश की वजह से कुएं में पानी ज्यादा है। इसलिए दिक्कत आ रही है। महिला के शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव करीब 3 दिन पुराना हो सकता है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

(खबर अपडेट हो रही है)