झांसी। 14 अगस्त 2025 को झांसी मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, खजुराहो, ललितपुर, उरई तथा बांदा स्टेशनों पर “विभाजन विभीषिका” स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान स्टेशनों पर विभाजन से संबंधित चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें 14 अगस्त 1947 के ऐतिहासिक विभाजन के दर्द और परिस्थितियों को दर्शाया गया।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उन्हें सम्मानित किया। प्रदर्शनी में विभाजन के समय रेल यात्राओं के दौरान हुए पलायन, कठिनाइयों और जन-जीवन पर पड़े प्रभाव को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि विभाजन के दौरान अनेक लोग अपने घर-बार छोड़ने को मजबूर हुए और भारी जनहानि हुई। प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को उस समय के हालात से अवगत कराना तथा देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देना रहा। मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी परिजनों — रामप्रकाश अग्रवाल, आदित्य नारायण दुबे, अरुण कुमार हिंगवासिया, अवधेश रिछारिया, अशोक श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त /रेलवे सुरक्षा बल विवेकानंद नारायण, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, सहायक कार्मिक अधिकारी अशोक कुमार मीणा, सहायक कार्मिक अधिकारी लवी अब्राहम सहित सभी अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे l