झांसी। बबीना विधानसभा विधायक राजीव सिंह पारीछा ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान व बिहार के पूर्व राज्यपाल स्व. बाबू कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर अपने आवास एवं बबीना विधानसभा कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं सहित उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा “बाबू कल्याण सिंह का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, ईमानदारी और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। वे केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि युगपुरुष थे, जिन्होंने राजनीति को राष्ट्रवाद और जनसेवा की सशक्त धारा से जोड़ा। बाबूजी का नाम भारतीय राजनीति के इतिहास में हमेशा उस नेता के रूप में लिया जाएगा, जिन्होंने हिंदुत्व और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया।”
उन्होंने कहा कि “राम मंदिर आंदोलन में बाबू कल्याण सिंह की भूमिका स्वर्णाक्षरों में अंकित है। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को जनआस्था और राष्ट्रगौरव का प्रश्न माना। बाबूजी ने सत्ता और पद की परवाह किए बिना अपने वचनों को निभाया और रामभक्तों की भावनाओं के साथ सदैव खड़े रहे। यह उनकी राष्ट्रनिष्ठा और अडिग चरित्र का प्रमाण है।”
विधायक ने कहा कि “बाबूजी का संपूर्ण जीवन सादगी, सेवा और समर्पण का पर्याय था। उनकी पुण्यतिथि पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र व समाजहित में निरंतर कार्य करते रहें।”
इस अवसर पर जगत सिंह राजपूत, ब्रजेन्द्र राजपूत, रवि राजपूत, अजय राजपूत, हेमंत राजपूत, बलवीर सिंह, योगेन्द्र राजपूत, सुरेन्द्र राजपूत, रिंकू दांगी, अनिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर बाबू कल्याण सिंह के व्यक्तित्व व कृतित्व को याद कर नमन किया।