Oplus_16908288

झांसी। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय रेल द्वारा दिए गए सराहनीय सहयोग के लिए गहरी प्रशंसा व्यक्त की है। एक औपचारिक पत्र में सेना ने राष्ट्रीय आपातकालीन परिस्थितियों में हमेशा सहयोग देने वाली भारतीय रेल के इस योगदान को विशेष रूप से उल्लेखित किया।

सेना ने विशेष रूप से भारतीय रेल की त्वरित प्रतिक्रिया का उल्लेख किया, जिसके अंतर्गत सीएडी पुलगांव से आवश्यक सेना सामग्री की खेप को मात्र 24 घंटे के भीतर प्रेषित करने हेतु रेक उपलब्ध कराया गया। इस उत्कृष्ट समन्वय, तालमेल और परस्पर विश्वास ने सैन्य–नागरिक सहयोग का एक नया मानक स्थापित किया है।

जहाँ पूरी टीम प्रशंसा की पात्र है, वहीं कुछ अधिकारियों की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए सेना ने उनके योगदान को सराहा है, जिन्होंने बलों की आवाजाही को सुगम बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई। जिनमें झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे संजय कुमार एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर राहुल शुक्ला का नाम प्रमुखता से लिया गया I

भारतीय सेना ने कहा कि भारतीय सेना और भारतीय रेल के बीच गहरे स्तर का सहयोग राष्ट्रीय तैयारी का मूलाधार है। सेना ने भारतीय रेल को शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य के सभी प्रयासों में निरंतर प्रगति और उत्कृष्टता की आशा व्यक्त की।