झांसी। आवारा कुत्तों के आक्रमणों की खबरों के बीच पालतू कुत्ते भी मुसीबत बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश के झांसी के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में पालतू पिटबुल कुत्ते ने एक महिला पर हमला कर उसका हाथ अपने जबड़े में ले लिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला को बचाने के लिए उसकी बेटी और कुत्ते की मालकिन व अन्य लोग पहुंच जाते हैं लेकिन उसे अलग करना बहुत मुश्किल हो रहा है। महिला दहशत में है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो झांसी में सीपरी बाजार थानान्तर्गत मसीहा गंज चौकी क्षेत्र का है। इसमें देखा जा सकता है कि एक खूंखार पिटबुल नस्ल का कुत्ता महिला को खदेड़ता हुआ गली में लाता और पीछे से दूसरी महिला भी आती है। कुत्ता साड़ी पहने महिला को नीचे गिरा देता और उसे काटने का प्रयास करती है जबकि दूसरी महिला उसे कुत्ते से बचाने का प्रयास करती है। यह देख एक लड़की भी महिला को बचाने पहुंचती है, लेकिन कुत्ता महिला का हाथ अपने जबड़े में दबाए रहता है।
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग भी महिला को कुत्ते के जबड़े से बचाने का प्रयास करने लगते हैं लेकिन कुत्ता उसे नहीं छोड़ रहा था। काफी मशक्कत के बाद महिला को कुत्ते से छुड़वाने में सफलता मिलती है। बताया जा रहा है कि जिस महिला पर कुत्ते ने हमला किया था उसका नाम हेमलता है और जिसका कुत्ता है उसकी मालकिन का नाम रेखा है। दोनों महिलाएं आपस में सहेली हैं। यह घटनाक्रम उस समय घटित हुई जब हेमलता रेखा के घर पहुंची तभी उस पर कुत्ते ने हमला कर दिया था। रेखा ने बताया कि मेरी फ्रेंड बाहर थी, मैं अंदर थी। हम आपस में बातचीत करते हुए एक दूसरे को सामान दे रहे थे तभी वह आया और उस पर अचानक हमला कर दिया।
कुत्ते के हमले से वह गिर गई, यह देख मैंने उसे बचाने की कोशिश की। एक बार बचा भी ले आई लेकिन पट्टा निकल जाने के कारण उसने फिर हमला कर दिया। इतने में फ्रेंड की बेटी और गली के अन्य लोग आ गए और सभी ने उसे बचाने का प्रयास किया। हेमलता की बेटी सलोनी ने बताया कि मम्मी अपनी फ्रेंड के यहां गई थीं तभी अचानक गेट खुलते ही उन पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। गनीमत है कि उसने ज्यादा नहीं काटा है। इस घटनाक्रम से महिला दहशत में है।













