झांसी स्टेशन पर खान-पान स्टाल सहित यात्रीसुविधाओं व व्यवस्थाओं को परखा

गढ़मऊ में निर्माणाधीन मालगोदाम , पारीछा स्टेशन के साथ समपार फाटक का भी लिया जायजा

झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन झांसी मंडल के विभिन्न कार्यस्थलों, स्टेशन, रेलवे अस्पताल आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली और गंदगी व अव्यवस्थाओं पर पेंच कसे।

निरीक्षण की शुरुआत कंट्रोल रूम से हुई, जहाँ उन्होंने समय पालनता सुनिश्चित करने तथा संरक्षित ढंग से ट्रेन संचालन करने के निर्देश दिए। श्री कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सुविधाजनक यात्रा भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मानसून को देखते हुए आवश्यक सावधानियों को लेकर निर्देशित किया। उन्होंने रेल मदद पोर्टल से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर बल देते हुए कहा कि इससे हम अपने ग्राहकों को और बेहतर सुविधाएँ प्रदान कर पाएंगे।

इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने वैगन रिपेयर डिपो (Wagon Repair Depot) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली का विस्तार से अवलोकन किया तथा कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने डिपो परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा मानकों के पालन, उपकरणों के समुचित रखरखाव एवं कार्य के दौरान सभी सुरक्षा उपायों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वैगनों की तकनीकी जाँच, मरम्मत, पहियों एवं बोगियों की स्थिति, साथ ही सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक वैगन की मरम्मत उच्च गुणवत्ता और पूर्ण सुरक्षा मानकों के अनुरूप की जाए, जिससे मालगाड़ियों का संचालन निर्बाध, समयबद्ध एवं संरक्षित ढंग से हो सके।

निरीक्षण क्रम में डीआरएम ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म संख्या 1 पर स्थित रिटायरिंग रूम, क्लॉक रूम, पे-एंड-यूज़ टॉयलेट तथा खानपान स्टॉल का निरीक्षण किया। साथ ही फूड कोर्ट और फूड प्लाज़ा का भी जायज़ा लेकर ‘नो बिल, नो पे’ व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए तथा साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्टेशन पर पी ई टी परीक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन के बारे में सभी विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।

तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा गढ़मऊ में निर्माणाधीन मालगोदाम के कार्यों का निरीक्षण किया और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने को कहा। श्री कुमार ने संरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण समपार फाटक संख्या 123 और पारीछा स्टेशन का भी सघन निरीक्षण किया और निर्देश दिए।

तदोपरांत मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा मंडल रेल चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का भी औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों का हालचाल जानने के साथ ही साफ सफाई , टॉयलेट और अन्य आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। गंदगी व अव्यवस्थाओं पर पेंच कसे और उन्हें बेहतर करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मरीजों की असुविधाओं का होना अस्वीकार्य है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व अस्पताल में घोड़ों की चहलकदमी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिन्ह लगे थे।