Oplus_16908288

अलमारी तोड़कर आधा किलो सोने के गहने चुराए, सीसीटीवी कैमरे में 2 चोर कैद हुए

झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचवटी स्थित दिव्य कॉलोनी में सिंचाई विभाग के क्लर्क के घर में घुसकर शातिर चोर अलमारियां तोड़कर करीब आधा किलो सोने-चांदी के गहने चुरा कर ले गए। क्लर्क का परिवार गमी में शामिल होने के लिए रिश्तेदार के घर पर गया था। चोरी गए माल की कीमत लगभग 60 लाख रुपए बताई गई है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में दो चोर नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचवटी स्थित दिव्य कॉलोनी निवासी अशोक कुमार वर्मा सिंचाई विभाग में क्लर्क हैं। उनका दूसरा घर पंचवटी में दिव्य कॉलोनी में बना है। यहां पर उनका बेटा सौरव अपने परिवार के साथ रहता है जबकि उनका दूसरा घर इमामबाड़ा क्षेत्र में है। सौरव ने बताया कि दो सितंबर की शाम को रिश्तेदारी में गमी हो गई थी। इसमें शामिल होने के लिए घर पर ताला लगाकर परिवार समेत झोकनबाग गया था। घर पर कोई नहीं था।

4 सितंबर को घर लौटकर आए तो सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां भी खुली पड़ी थी। चोर लॉकर में रखे पत्नी कल्पना और बहन कामिनी के सोने के 10 कंगन, 3 हार, 3 अंगूठी, मंगलसूत्र, चेन, झुमके समेत 60 लाख रुपए के गहने चुराकर ले गए। इसमें करीब 12 हजार नकदी भी थी। यह देख कर उन्होंने 112 पर कॉल की तो पुलिस आ गई।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। तब पता चला कि 3 सितंबर की सुबह 3 बजे दो चोर घर के अंदर दाखिल हुए। करीब एक घंटे बाद दोनों बाउंड्रीवाल फांदकर बाहर आते दिखे। पुलिस ने फुटेज लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम से कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।